फुरसतगंज। क्षेत्र के कालिका का पुरवा मजरे ब्रहमनी गांव में रविवार को सियार के हमले से दहशत फैल गई। हमले में पांच लोग और दो जानवर घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने सियार को घेरकर मार डाला, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
गांव निवासी रामपाल (60) अपने पुत्र राहुल (35) के साथ घर के बरामदे में सो रहे थे। अचानक आए सियार ने दोनों पर हमला कर दिया। शोर सुनकर रामपाल की पत्नी (25) और बेटी पल्लवी (12) बचाने दौड़ीं तो उन्हें भी सियार ने घायल कर दिया। इसी दौरान राहुल का पुत्र रेहास (5) भी सियार के हमले का शिकार हो गया। ग्रामीणों ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुरसतगंज पहुंचाया, जहां सभी का उपचार चल रहा है।
हमले में केवल लोग ही नहीं, बल्कि मवेशी भी सुरक्षित नहीं बच पाए। गांव के गिरधारी की घर के बाहर बंधी गाय और रामराज की पड़िया को भी सियार ने काटकर घायल कर दिया। लगातार हमले से गुस्साए ग्रामीणों ने सियार को घेर कर मार डाला। प्रभागीय वन अधिकारी रणवीर मिश्रा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। टीम भेज कर मामले की जांच कराई जाएगी। इसके बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।