गौरीगंज (अमेठी)। कोरोना संक्रमण बढ़ता ही जा रहा है। मंगलवार सुबह से देर शाम तक अलग-अलग स्थानों से की गई 1,293 लोगों की एंटीजन जांच में दो महिला समेत पांच लोग पॉजिटिव मिले। इनमें से चार को लेबल-2 अस्पताल व एक को एकांतवास में रखकर उपचार किया जा रहा है। होली पर प्रवासियों के लगातार आगमन को देखते हुए डीएम ने ग्राम निगरानी समितियों को सक्रिय करते हुए नोडल अधिकारी नामित किया है।
पॉजिटिव मिले लोगों में गौरीगंज ब्लॉक के बलीपुर खुर्दवा का एक युवक, रोहसी बुजुर्ग की एक महिला, भेटुआ के पूरे गौरी मिश्र की बुजुर्ग महिला, भादर के कल्यानपुर व अमेठी के पूरे तालुकदार का एक युवक शामिल हैं। इनमें से चार लोगों को अस्पताल में भर्ती व एक को उसी के घर पर आइसोलेट करते हुए प्रोटोकॉल के तहत उपचार शुरू कर दिया गया है।
रंगों के पर्व होली पर गैर प्रांत से लगातार प्रवासियों के आगमन को देखते हुए डीएम अरुण कुमार ने ग्राम निगरानी समितियों को सक्रिय करने के साथ ग्राम पंचायतवार नोडल अधिकारी नामित किया है। डीएम ने कंट्रोल रूम की प्रतिदिन मॉनीटरिंग करने तथा पोर्टल पर सूचना अपलोड करते हुए होम आइसोलेट संक्रमितों की जांच व बचाव कार्य के साथ लोगों को मास्क के प्रयोग के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया।