अमेठी सिटी। मुंशीगंज थाना क्षेत्र से गुजरने वाले टांडा-बांदा हाईवे स्थित भादर तिराहे के पास रविवार सुबह बुलेट बाइक से बोलेरो से टकरा गई। इसके बाद बोलेरो बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। दुर्घटना में बाइक सवार भाई-बहन, भांजे व बोलेरो सवार दो महिलाओं सहित पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि बोलेरो सवार छह बच्चों व तीन महिलाओं सहित 11 लोग घायल हो गए।
सुल्तानपुर जिले के कुड़वार इलाके के कोटवा गांव निवासी मोहम्मद अकबर खां (32) रविवार की सुबह अपनी बोलेरो लेकर घर परिवार की महिलाओं व बच्चों के साथ अमेठी थाने के धरई गांव बहनोई के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में यह लोग मुंशीगंज थाने से गुजरने वाले टांडा-बांदा हाईवे स्थित जामो-भादर मार्ग तिराहे पर पहुंचे थे, तभी इनकी बोलेरो एक बुलेट बाइक से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
हादसे में बुलेट सवार पीपरपुर थाना क्षेत्र के भावापुर अयोध्यानगर निवासी दुर्गेश उपाध्याय (40) और मुंशीगंज क्षेत्र के ही पाठक का पुरवा मजरे जलामा निवासी वंदना पाठक (35) व रूद्र पाठक (08) गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि बोलेरो सवार अकबर (35), शबनम बानो (40), शहनूर (38), नुसरत (32), रईसुन (26), सोनी (25), तराना (17) व इकरा (04), मो. रजब (02), शफीना (05), अरमान (10), अरशद (06) व आयान (11) लोग घायल हो गए।
सभी को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया है। जिला अस्पताल में वंदना पाठक, शबनम व शहनूर को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि सीएचसी भेटुआ में दुर्गेश उपाध्याय और सुल्तानपुर जिला अस्पताल में रुद्र कुमार पाठक को भी डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया। घायलों में नुसरत, रईसुन व सोनी की हालात नाजुक देखकर ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया।
सुल्तानपुर जिला अस्पताल से भी अकबर खान, अरमान, अरशद व अयान को ट्राॅमा सेंटर रेफर किया गया है। अस्पताल पहुंचे एडीएम अर्पित गुप्ता व एएसपी हरेंद्र प्रताप ने घायलों के उपचार की जानकारी लेते हुए परिजनों को मदद का भरोसा दिलाया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।