जगदीशपुर के पूरे सिनेत मजरे पिछूती गांव में लगी आग से जली छप्पर। -संवाद
जगदीशपुर (अमेठी)। क्षेत्र के पूरे सिनेत पिछूती गांव में शुक्रवार दोपहर बाद संदिग्ध हालत में सालिकराम के मकान में आग लग गई। देखते ही देखते पांच मकान आग की चपेट में आ गए और पांचों की गृहस्थी जलकर राख हो गई। घटना में एक मासूूम झुलस गया, जबकि पांच बकरियों की मौत हो गई। दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से मशक्कत कर आग बुझाई। घटना की जानकारी के बाद राजस्व कर्मी क्षति का आकलन करने में जुटे हैं।
सालिकराम के मुताबिक शुक्रवार दोपहर बाद अचानक उनके मकान में आग लग गई। घर से लपटें उठती देख दमकल कर्मियों को सूचना देते हुए ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने में जुट गए। करीब 30 मिनट में जगदीशपुर व बाजारशुकुल के दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। जब तक आग पर काबू पाया जाता, जसवंत, राम जियावन, राम सुमेर और जितेन्द्र बहादुर के मकान भी चपेट में आ गए।
कड़ी मशक्कत के बाद जब तक आग बुझती जसवंत का एक वर्षीय बेटा अभिनव झुलस गया। उसे निजी अस्पताल पहुंचाया गया। इतना ही नहीं आग से जलकर पांच बकरियों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य मवेशी भी झुलस गए। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रमेश मिश्र ने बताया कि आग से पांच घरों की गृहस्थी जली है। इससे करीब आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना के बाद गांव पहुंचे राजस्व कर्मियों ने क्षति का आकलन कर इसकी रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंपी है।
कारण का नहीं चला पता
अग्निशमन अधिकारी ओपी सिंह ने बताया कि आग लगने का कारण नहीं पता चल सका है। ग्रामीणों को आग से बचाव के प्रति जागरूक किया गया है।