अमेठी सिटी। शिवतरनगंज के ग्राम उसरहा में चोरी व डकैती की साजिश रच रहे पांच बदमाशों को रविवार रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। उनके पास से चोरी की कार, बाइक व तमंचा बरामद हुआ है।
सीओ अमेठी दिनेश मिश्र ने बताया कि रायबरेली के महाराजगंज के खैराना गांव निवासी इमरान व सलमान, इन्हौंना के दिलावलगढ़ गांव निवासी मोहम्मद अरबाज, शेखनगांव निवासी मुन्ना और शिवरतनगंज के सातन का पुरवा मेहताब को पकड़ा गया है। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि उनके गिरोह में सात लोग हैं। वे सभी चोरी और डकैती की वारदातें करते हैं। इमरान ने बताया कि उन्होंने सद्दाम के साथ मिलकर चार अगस्त को अयोध्या से कार चोरी की थी और कई गांवों में बकरियों की चोरी की वारदातों में शामिल थे।
चोरी की बकरियां इन्हौंना के शेखन गांव निवासी मुन्ना चिकवा को बेची जाती थीं। सीओ ने बताया कि अंधेरे का फायदा उठाकर रायबरेली के महाराजगंज के खैराना गांव निवासी सद्दाम और मोहनगंज के सांगीपुर निवासी मंगा पासी भागे हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार पांचों आरोपियों का चालान कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया। बताया कि इमरान पर अलग-अलग जिले में 13, अरबाज पर छह और मेहताब पर एक केस दर्ज है। बाराबंकी में तीन, अयोध्या में दो और शिवतरनगंज में दर्ज एक केस में सातों बदमाश वांछित हैं। इनके पास बांका, प्लास, हथौड़ी व पेचकस के साथ 5000 रुपये भी मिले हैं।