जिला अस्पताल में घायल अंकित का जिला अस्पताल में उपचार करते डॉक्टर। संवाद
अमेठी सिटी। पुरानी रंजिश में बाइकसवार एक युवक पर ताबड़तोड़ पांच गोलियां दाग दी गईं। बांदा-टांडा हाईवे पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर रायबरेली की तरफ भाग निकले। अधिक खून बहने पर जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने युवक को पीजीआई रेफर कर दिया।
गौरीगंज के पूरे मंशा मजरे गूजरटोला निवासी विमलेश सिंह ने बताया कि उनका पुत्र अंकित सिंह (27) सोमवार सुबह काजीपट्टी बाजार से सामान लेकर लौट रहा था। तभी गूजरटोला-पैंगा मोड़ के पास पीछे से आई तेज रफ्तार एसयूवी ने बाइक में टक्कर मारी। इससे अंकित बाइक सहित सड़क किनारे खड्ड में जा गिरा। एसयूवी में पांच-छह लोग सवार थे।
इसी दौरान एसयूवी भी खड्ड में उतर गई और उसमें सवार बदमाशों ने अंकित पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने अंकित के पैर में चार और हाथ में एक गोली मारी। गोलीबारी की आवाज सुनकर खेतों में काम कर रहे ग्रामीण बचाव करने दौड़े। भीड़ जुटती देख हमलावर एसयूवी लेकर भाग निकले।
लोगों ने घायल युवक को जिला अस्पताल गौरीगंज पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि अंकित के बाएं पैर में चार व बाएं हाथ में एक गोली लगी है। पैर की हड्डी दो जगह टूट गई है। ज्यादा खून बहने से उसको पीजीआई रेफर किया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, सीएमएम डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार अस्पताल पहुंचे और घायल से पूछताछ की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि जांच के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। अभी तहरीर नहीं मिली है।