बाजार शुकुल (अमेठी)। बाजार शुकुल के सत्थिन में दो दिन पूर्व हुई एलआईसी अभिकर्ता की हत्या रंगदारी नहीं देने के चलते की गई थी। पुलिस ने रविवार शाम घटना में शामिल सभी पांच आरोपियों को आलाकत्ल समेत गिरफ्तार कर सोमवार सुबह घटना का खुलासा किया।
सत्थिन में किराए के मकान में परिवार समेत रहने वाले एलआईसी अभिकर्ता बृजभान सिंह (56) का शव शनिवार सुबह नाले में पड़े बोरे में पाया गया था। बृजभान के गले व शरीर के कई अंगों पर धारदार हथियार के घाव मिले थे। सूचना पर पहुंचे अफसरों के साथ ही फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से नमूना एकत्र किया था।
नमूना एकत्र करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की। मुखबिर ने रविवार देर शाम एसओ संतोष सिंह को बृजभान की हत्या में शामिल आरोपियों के मौजूद होने की सूचना दी। सूचना पर सक्रिय एसओ ने मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंचते हुए घेराबंदी कर पांच लोगों को दबोच लिया।
पूछताछ में पकड़े गए लोगों की पहचान थाना क्षेत्र के सत्थिन निवासी मुनव्वर, तहरीर, सरफराज, जैनुल व सीतापुर जिला के विसवां निवासी मोहम्मद अतीक के रूप में हुई। तलाशी में इनके पास से 315 बोर का एक तमंचा, कारतूस, एक शटरदार चाकू, घटना में प्रयुक्त सफारी वाहन, मृतक का मोबाइल सेट तथा आरोपी अतीक की खून लगी घटना के समय पहनी जींस पैंट बरामद हुई।
सीओ संतोष कुमार सिंह ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि मुनव्वर लगातार बृजभान से रंगदारी की मांग करता रहता था। बृजभान द्वारा मांग पूरी नहीं करने से नाराज मुनव्वर ने बहाने से उन्हें अपने घर बुलाया और अपने नौकर, जीजा व दोस्त के सहयोग से घर के तहखाने में उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसने अपने भाई की सफारी गाड़ी का प्रयोग कर शव को नाले में फेंक दिया था।