अमेठी। जिले में छह एजेंसी के 85 क्रय केंद्रों पर शुक्रवार से गेहूं खरीद शुरू हुई। पहले दिन विपणन छोड़ अन्य एजेंसियों के कई केंद्रों पर ताला बंद रहा। जो क्रय केंद्र खुले भी, वहां मूलभूत सुविधाओं की कमी रही। ऐसे में पहले दिन कोई खरीद नहीं हुई।वित्तीय वर्ष 2023-24 में फसल समर्थन मूल्य योजना के तहत छह एजेंसी के 85 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। पंजीकृत किसानों से फसल समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद करने की जिम्मेदारी विपणन शाखा, पीसीएफ, पीसीयू, मंडी समिति, एफसीआई व नेफेड को को दी गई है। क्रय केंद्रों पर प्वांइट ऑफ परचेज मशीन के साथ इलेक्ट्रॉनिक कांटा, छन्ना, पंखा के साथ छाया, पेयजल व प्रसाधन की व्यवस्था का निर्देश है।
पहले दिन शुक्रवार को विपणन शाखा के क्रय केंद्रों को छोड़ कर अन्य एजेंसी के क्रय केंद्रों पर ताला बंद रहा। अभी खेतों में गेहूं तैयार नहीं होने से खरीद शुरू होना संभव प्रतीत नहीं हो रही है। पहले दिन एक भी क्रय केंद्र पर गेहूं बेचने कोई किसान नहीं पहुंचा। किसानों के न आने से क्रय केंद्रों की बोहनी नहीं हुई।
गत वर्ष एक अप्रैल से शुरू हुई तो भी 15 से क्रय केंद्रों पर किसानों की आमद हुई। विभाग की तमाम कोशिश के बाद भी लक्ष्य का 10 प्रतिशत भी गेहूं खरीद नहीं हो पाई थी। इस साल भी 15 अप्रैल के आस-पास ही गेहूं खरीद होने की संभावना है।
केंद्र पर नहीं आए किसान
असैदापुर स्थित विपणन शाखा के क्रय केंद्र पर शुक्रवार को एसएमआई प्रमोद यादव किसानों का इंतजार करते दिखे। क्रय केंद्र पर इलेक्ट्रॉनिक कांटा समेत अन्य प्रबंध मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि केंद्र पर बिक्री के लिए अब तक किसी किसान ने संपर्क नहीं किया है। फोन पर धान बेचने वाले किसानों को पंजीकरण कराने के साथ गेहूं तैयार होते ही बिक्री करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। बताया कि फसल लेकर आने के बाद ही खरीद शुरू होगी।
संसाधन मौजूद, किसानों का इंतजार
बाजार शुकुल। विपणन शाखा क्रय केंद्र पर प्रभारी सुरेंद्र कुमार मौजूद थे। क्रय केंद्र पर खरीद से जुड़े संसाधन भी मौजूद हैं। पहले दिन होने के कारण साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर करने की कोशिश में क्रय केंद्र प्रभारी जुटे रहे। बताया कि क्रय केंद्र पर किसानों के आने के बाद खरीद शुरू होगी।
जर्जर भवन को बना दिया क्रय केंद्र
सिंहपुर (अमेठी)। क्षेत्र के वीपैक्स टेढ़ई में गेहूं क्रय केंद्र बनाया गया है। वीपैक्स का भवन जर्जर है। ऐसे जर्जर भवन में क्रय केंद्र बनने से खरीद के बाद गेहूं रखने व खरीद के दौरान किसानों को परेशानी होगी। फिलहाल क्रय केंद्र पर न तो खरीद का बैनर लगा है और न रही कांटा समेत अन्य उपकरण दिखाई पड़े।
सचिव रवि शंकर द्विवेदी ने बताया कि गेहूं खरीद को लेकर तैयारियां पूरी हैं। बताया कि बैनर नहीं मिला है। भवन जर्जर होने की जानकारी दी गई। जैसा आदेश मिलेगा उसी के अनुसार गेहूं खरीद की जाएगी। किंतु भवन जर्जर होने से रखरखाव की समस्या रहती है। अनाज को पन्नी, तिरपाल से ढकवा कर रखा जाता है।
रामगंज गेहूं क्रय केंद्र पर लटक रहा ताला
भादर (अमेठी)। ब्लाॅक क्षेत्र के रामगंज स्थित गेहूं क्रय केंद्र पर दोपहर 12 बजे ताला लटक रहा था। सचिव प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि गेहूं तौल मशीन, बोरे सहित सभी तैयारियां पूर्ण हैं। क्रय केंद्र पर ताला लगे होने के बाबत बताया कि बैनर नहीं है। उसी को बनवाने चले गए थे। (संवाद)
पांच हजार क्विंटल है केंद्र का लक्ष्य
मुसाफिरखाना (अमेठी)। क्षेत्र के पिंडारा करनाई गांव में सहकारी समिति पर गेहूं खरीद का केंद्र है। केंद्र का लक्ष्य पांच हजार कुंतल है। सचिव अशर्फीलाल मिश्र ने बताया कि गोदाम पर बोरा उपलब्ध है। केंद्र पर खरीद की पूरी तैयारी है। केंद्र पर बैनर नहीं लगा है, जिसके बारे में पूछे जाने पर बताया गया कि गौरीगंज बैनर लाने गये हैं। शाम तक बैनर लग जाएगा। पहले दिन केंद्र पर कोई खरीदारी नहीं हुई है।
धान भेजकर खाली करवाया जा रहा गोदाम
इन्हौना (अमेठी)। सेमरौता में बने क्रय केंद्र पर इलेक्ट्रानिक कांटा मौजूद था, लेकिन गेहूं खरीद के बजाए धान खरीद का पुराना बैनर लगा हुआ था। गोदाम में मौजूद धान की ट्रक पर लोडिंग करवा कर मिल पर भेजा जा रहा था। क्रय केंद्र प्रभारी राजमनि मिश्र ने बताया कि बैनर अभी नहीं मिला है। अन्य तैयारियां पूरी हैं। किसानों की फसल समेत आमद होते ही खरीद शुरू होगी।
जल्द शुरू होगी गेंहू खरीद
डिप्टी आरएमओ संतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि गेहूं फसल अभी तैयार नहीं है। फसल तैयार होने के बाद ही क्रय केंद्रों पर किसानों के पहुंचने व खरीद शुरू होने की संभावना है। सभी केंद्र प्रभारियों को किसानों से संपर्क कर गेंहू खरीद शुरू करने का निर्देश दिया गया है। खरीद में लापरवाही बरतने पर केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फैक्ट फाइल
क्रय केंद्र- 85
कुल किसान- 333682
अब तक फसल बिक्री के लिए पंजीकृत किसान- 2749
गेंहू का बोया गया क्षेत्रफल- 129616.00 हेक्टेयर
गेंहू का संभावित उत्पादन-393514.10 मीट्रिक टन
गेंहू की संभावित उत्पादकता- 30.75 कुंतल प्रति हेक्टेयर