जगदीशपुर (अमेठी)। औद्योगिक क्षेत्र में स्थित 132 केवीए कठौरा पावर हाउस यार्ड के पीछे उगी झाड़ियों में मंगलवार दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। लपटें उपकेंद्र को अपनी चपेट में ले पातीं इसके पहले लोग कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पा चुके थे।
132 केवीए कठौरा उपकेंद्र के आसपास इन दिनों झाड़ झंखाड़ की बहुलता है। मंगलवार दोपहर अचानक झाड़ियों में आग लग गई। जब तक लोगों की निगाह आग पर पड़ती और वे उसे बुझाने की कोशिश शुरू करते तब तक लपटें उपकेंद्र तक पहुंचने लगीं। आग को उपकेंद्र के नजदीक देख वहां मौजूद कर्मियों ने इसकी सूचना इंडोगल्फ कारखाने के अग्निशमन कर्मचारियों को दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे फायर कर्मियों ने लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया। बताते चलें कि पावर हाउस समेत उसके आसपास दूर तक झाड़ियां उगी हैं। इसे लेकर महकमा उदासीन बना था। लोगों का अनुमान है कि ठंड के चलते चरवाहों ने झाड़ियां जलाई होंगी। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं किया गया होता तो आग की लपटें पावर हाउस को अपनी चपेट में ले लेतीं।
इस उपकेंद्र से जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र, जगदीशपुर कस्बा, इंडोगल्फ, बीएचईएल, सेल, तिलोई, महोना, बाजार शुकुल व इन्हौना जाने वाली सप्लाई बाधित हो जाती। उपकेंद्र पर मौजूद एसएसओ राजेंद्र ने बताया कि पावर हाउस के भीतर कोई नुकसान नहीं हुआ है।