मुसाफिरखाना (अमेठी)। भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाने क्षेत्र के नेवादा गांव में रविवार को खाना बनाते समय लगी आग से छह घरों की गृहस्थी जल गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया।भाले सुल्तान थाना क्षेत्र के नेवादा गांव में अचानक छह घरों में लगी आग से गृहस्थी जल गई। रविवार की सुबह लगभग नौ बजे मोहन लाल के घर में खाना बन रहा था। मोहनलाल की छोटी बहू सब्जी बना रही थी। तभी तेल से उठी लपट से छप्पर में आग लग गई।
छप्पर धू-धू कर जलने लगा। शोर मचाने पर एकत्र ग्रामीण आग बुझाने का प्रयास करने लगे। आग ने देखते देखते विकराल रूप ले लिया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। आग ने अपनी चपेट में पड़ोसियों के घर ले लिया।
पड़ोसी बुधई, शंकर, रतिपाल, सुशील कुमार, सूरज का घर जलने लगा। दमकल कर्मी और ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाते, छह घरों की गृहस्थी जल राख हो गई। पीड़ितों ने बताया कि सारी फसल कट कर घर पहुंच गयी थी, घर खाने को अनाज तक नही बचा। ग्रामीण राज कुमार सिंह ने बताया कि सूचना तहसील प्रशासन को दी गयी थी, लेकिन शाम छह बजे तक कोई राजस्व कर्मी नही पहुंचा था। तहसीलदार राहुल सिंह से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि लेखपाल को मौके पर भेजा जा रहा है।