बहादुरपुर स्थित प्रतिष्ठान में लगी आग से जला सामान। स्त्रोत : स्थानीय नागरिक
फुरसतगंज। रायबरेली-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बहादुरपुर के निकट नैना रिसॉर्ट की तीसरी मंजिल पर सोमवार देर रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जायस, गौरीगंज और जगदीशपुर से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से काफी नुकसान होने की बात सामने आई है।
रिजॉर्ट के संचालक कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने बताया कि रात लगभग 2:45 बजे कर्मचारी धीरेंद्र तिवारी ने स्टोर रूम से धुआं उठते देखा और तुरंत जानकारी दी। कर्मचारियों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेज हो गईं। इसके बाद जायस से दमकल गाड़ी पहुंची। कुछ ही देर में गौरीगंज और जगदीशपुर से भी टीमें आ गईं। संयुक्त प्रयास से सुबह चार बजे तक आग पर नियंत्रण पाया गया।
प्रबंधक ने बताया कि आग से स्टोर रूम में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री और अन्य सामान जल गया। गनीमत रही कि आग से कोई हताहत नहीं हुआ। थाना प्रभारी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।