जायस कस्बा स्थित दुकान में लगी आग। -सोशल मीडिया
फुरसतगंज (अमेठी)। जायस इलाके में मंगलवार देर रात शॉर्ट सर्किट से कपड़े और जूते की दुकानों में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। आग से दोनों दुकानों में करीब 15 लाख रुपये का सामान जल कर नष्ट हो जाने का अनुमान है।
ख्वाजगान मोहल्ला निवासी हाजी शब्बीर की सुल्तानपुर-रायबरेली हाईवे किनारे स्थित मकान में बनी दुकान में सद्दाम उर्फ काशी की कपड़े तो इस्लाम की जूता-चप्पल की दुकान है। मंंगलवार देर रात शॉर्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई। आग की लपटे देख आस-पास अफरा तफरी मच गई। लोगों ने मामले की सूचना दुकानदारों के साथ ही पुलिस व फायर बिग्र्रेड को दी।
कड़ी मशक्कत के बाद जब तक आग पर काबू पाया जाता दोनों दुकान में मौजूद करीब 15 लाख कीमत का सामान जलकर राख हो गया। एसएचओ रवि सिंह ने बताया कि सूचना के बाद दमकल कर्मियों की मदद से आग पर किसी तरह काबू पाया गया। मामले में पीड़ितों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।