गौरीगंज के प्राथमिक स्कूल पठानपुर द्वितीय में मिड डे मील बनाते समय हादसा झुलसी रसोइया का जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसीअमेठी सिटी। परिषदीय स्कूल पठानपुर द्वितीय में सोमवार को मध्याह्न भोजन तैयार करते समय अचानक रसोई गैस सिलिंडर के पाइप में रिसाव के कारण आग लग गई। आग की चपेट में आकर रसोइया झुलस गई। इससे स्कूल में अफरा तफरी मच गई। झुलसी रसोइया को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने स्कूल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
गौरीगंज थाने के पठानपुर गांव स्थित प्राथमिक स्कूल द्वितीय में सोमवार पंजीकृत 12 बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन योजना के तहत कार्यरत रसोइया शांति देवी भोजन तैयार कर रही थी। इसी दौरान सुबह 8:30 बजे अचानक गैस सिलिंडर के पाइप में रिसाव से आग लग गई। आग की चपेट में रसोइया शांति आ गई। जब तक सहायक अध्यापक पूजा सिंह लोगों की मदद से आग पर काबू पाती तब तक रसोइया झुलस गई। झुलसी रसोइया को जिला अस्पताल भिजवाया गया। इसकी जानकारी अग्निशमन विभाग को दी गई। इसके बाद पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया।
सूचना पर पहुंचे बीएसए संजय कुमार तिवारी, बीईओ अर्जुन प्रसाद भदौरिया, मुख्य अग्निशमन अधिकारी शिवदरश प्रसाद ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बीएसए ने प्रधानाध्यापिका को नोटिस जारी कर जवाब देने को कहा है। साथ ही बीईओ व जिला समन्वयक एमडीएम की टीम गठित कर जांच कर का निर्देश दिया है।
स्कूल में नहीं था आग से बचाव का संसाधन
मुख्य अग्निशमन अधिकारी शिवदरस प्रसाद ने बताया कि आग लगने की सूचना पर स्कूल पहुंचे थे। गैस चूल्हे के पास पाइप निकलने से आग लगना प्रतीत हो रहा है। मौके पर उन्हें पर अग्नि से बचाव के लिए आवश्यक उपकरण नहीं दिखे। पूरे मामले की जांच के साथ लोगों को जागरूक किया गया। जल्द ही अभियान संचालित कर सभी स्कूलों में अग्नि बचाव उपकरणों की जांच की जाएगी।
प्रधानाध्यपिका को नहीं पता कितने बच्चे स्कूल में थे मौजूद
पठानपुर द्वितीय की प्रधानाध्यापिका मनोरमा त्रिपाठी ने सोमवार सुबह ऑनलाइन अवकाश स्वीकृत करवाया था। स्कूल में रसोइया के झुलसे जाने के बाबत बात की तो बताया कि सूचना मिली है। रसोइया का उपचार करवाया जा रहा है। स्कूल में 12 बच्चे पंजीकृत हैं। लेकिन, सोमवार को कितने बच्चे मौजूद थे, इसकी जानकारी नहीं है। जबकि रसोइया शांति का आरोप है गैस चूल्हे के बटन के पास चिंगारी निकलती थी। आज भी अचानक चिंगारी निकलने लगी, जिसके कारण वह झुलस गई है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
बीएसए संजय कुमार तिवारी ने बताया कि पठानपुर द्वितीय प्राथमिक स्कूल में गैस सिलिंडर के पाइप में लीकेज से अचानक आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। रसोइया शांति देवी काे अस्पताल भर्ती कर उपचार करवाया जा रहा है। स्कूल में फायर बचाव उपकरण हैं कि नहीं, गैस सिलिंडर पाइप में पहले से लीकेज था या नहीं समेत अन्य बिंदुओं की जांच करवाई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।