तिलोई (अमेठी)। संदिग्ध हालात में शुक्रवार की देरशाम जल ही जीवन परियोजना में काम करने वाली संस्था के गोदाम में आग लग गई। जिससे लाखों रुपये के पाइप जल गए। तीन दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शुक्रवार की शाम तिलोई ब्लाॅक क्षेत्र के ओमनगर मजरे लोधवारिया गांव स्थित गोदाम में रखे प्लास्टिक के पाइप में आग लग गई। गोदाम में लगी आग से अफरा तफरी मच गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना मोहनगंज फायर टीम को दी।
फायर ब्रिगेड आग को नियंत्रण करने में असमर्थ रही। पाइपों का भारी मात्रा में स्टाक होने के नाते आग पर काबू पाने के लिए जगदीशपुर, बाजारशुकुल की फायर टीम आकर आग बुझाने में जुटी। इस दौरान आग से लाखों रुपये के पाइप सहित कई अन्य उपकरण जल कर राख हो चुके हैं। थानाध्यक्ष मोहनगंज बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिली है। घटना से संबंधित अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है।