फुरसतगंज (अमेठी)। थानाक्षेत्र के नहर कोठी स्थित मोबाइल दुकान पर बुधवार सुबह आग लग गई। इससे दुकान में मौजूद करीब सात लाख रुपये की कीमत के नए व रिपेयरिंग के लिए मौजूद मोबाइल जल गए।
रायबरेली जिले के डीह थाने के पोठई गांव निवासी शुभम सिंह फुरसतगंज थाने के नहर कोठी पर मोबाइल दुकान संचालित करते हैं। मंगलवार की रात दुकान बंदकर घर गए थे। बुधवार सुबह दुकान में आग लग गई। पड़ोसी दुकानदारों ने सूचना पुलिस के साथ शुभम को दी। शुभम सिंह ने शटर खोल पड़ोसियों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की। जब तक दुकान पर लगी आग को काबू पाया जाता करीब सात लाख का नया व रिपेयरिंग के लिए मौजूद मोबाइल जलकर राख हो गया।
पीड़ित शुभम ने बताया कि आग से सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है। लेखपाल जितेंद्र यादव ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर तहसील प्रशासन को दी। एसओ अमरेंद्र सिंह ने बताया कि शुभम सिंह ने सिर्फ दुकान में आग लगने की सूचना दी है। आग के लगने के कारणों के बारे में जानकारी नहीं है। तहरीर देते हैं तो केस दर्ज कर मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।