अमेठी सिटी। न्यायिक मजिस्ट्रेट रायबरेली के आदेश पर जायस थाने में टिकट बुकिंग से जुड़े धोखाधड़ी और मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। गांधीनगर निवासी मो. अख्तर के प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के बाद ये आदेश दिया गया।
मो. अख्तर ने बताया कि रुदौली निवासी फराज ने सात अंतरराष्ट्रीय टिकट बुक कराने का भरोसा दिलाकर 1,42,600 रुपये ले लिए थे। अख्तर का कहना है कि राशि भेजने के बाद फराज ने टिकटें भेजीं, मगर 20 फरवरी को फोन कर टिकट रद्द होने और धन वापस न मिलने की बात कही। एयरलाइन से पीएनआर जांच में टिकट फर्जी मिले। यात्रियों की यात्रा प्रभावित न हो, इसलिए अख्तर ने 1,95,000 रुपये खर्च कर नई टिकटें बुक कीं। अख्तर ने बताया कि वह फराज से लगातार संपर्क की कोशिश करता रहा, मगर सफलता नहीं मिली।
आरोप है कि 29 जून को वह राकेश सिंह और अमित कुमार के साथ हसनैन की दुकान के पास पहुंचा तो बिना नंबर की कार में मौजूद फराज और कुछ अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया। अख्तर के अनुसार वहां उनकी पिटाई, गालीगलौज, कपड़े फाड़ने और असलहा दिखाकर धमकाया गया। अख्तर ने पुलिस को सूचना दी, मगर रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई।
इस पर उसने न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। कोर्ट ने तथ्यों को देखते हुए एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि मामला पंजीकृत है। सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। जांच में तथ्य स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।