गौरीगंज (अमेठी)। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की बढ़ रही संख्या के बावजूद लोगों की मनमानी से परेशान जिला प्रशासन कार्रवाई के मूड में आ गया है। डीएम के निर्देश पर एसडीएम ने निगरानी समिति की रिपोर्ट पर 171 लोगों के खिलाफ अलग-अलग थानों में केस दर्ज कराते हुए 463 लोगों को धारा 188 की नोटिस जारी कर 129 लोगों को होम क्वारंटीन से इन्स्टीट्यूशन क्वारंटाइन में भेजा गया है। जिला प्रशासन की कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मचा है।
लॉकडाउन फेज-4 में गैर प्रांत से जिले में पहुंचे प्रवासी श्रमिकों की थर्मल स्क्रीनिंग के बाद जिला प्रशासन उन्हें होम क्वांटीन करने में जुटा है। होम क्वारंटीन किए गए लोगों की निगरानी के लिए ग्राम स्तर पर निगरानी समिति का गठन किया गया है। होम क्वांरटीन किए गए लोगों की मनमानी से परेशान डीएम अरुण कुमार ने सभी एसडीएम को नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया है।
डीएम के निर्देश पर सक्रिय गौरीगंज एसडीएम ने ग्राम निगरानी समिति की रिपोर्ट पर 33 लोगों को नोटिस जारी करते हुए दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। अमेठी एसडीएम ने 13 लोगों को होम क्वारंटीन से इन्स्टीट्यूशन क्वारंटीन भेजते हुए 114 को नोटिस और 101 के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
मुसाफिरखाना एसडीएम ने 66 को नोटिस जारी करते हुए 28 के खिलाफ केस और तिलोई एसडीएम ने 116 होम क्वारंटीन से इन्स्टीट्यूशन क्वारंटीन भेजते हुए 250 को नोटिस तथा 40 लोगों के खिलाफ अलग-अलग थानों में नियमों की अवहेलना करने का केस दर्ज कराया है। एडीएम वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि होम क्वारंटीन नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
होम क्वारंटीन से भागने पर दो के खिलाफ केस
अधिशाषी अधिकारी गौरीगंज सुजीत कुमार ने वार्ड संख्या सात नंदा का पुरवा निवासी रोहित कुमार तथा वार्ड संख्या 16 नगरवां निवासी राम नारायण के खिलाफ गौरीगंज थाने में केस दर्ज कराया है। अधिशाषी अधिकारी ने बताया कि दोनों सूरत से आए थे। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद उन्हें होम क्वारंटीन किया गया था। होम क्वांरटीन से बिना बताए दोनों के बाहर भागने की सूचना पर केस दर्ज कराया गया है। प्रभारी निरीक्षक परशुराम ओझा ने बताया कि आरोपियों की तलाश करने के साथ ही दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।