अमेठी। बिना अनुमति वाहन पर माइक लगाकर पंचायत चुनाव का प्रचार करने व अवैध सामग्री के मामले में अलग-अलग थानों में तीन केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने प्रचार समाग्री को जब्त किया है।
जिला व पुलिस प्रशासन भी आदर्श आचार संहिता का पालन कराने के लिए क्षेत्र में सक्रिय हो गया है। सोमवार को जिला पंचायत वार्ड संख्या 22 से दावेदार सुरेश कुमार पांडेय तथा वार्ड संख्या 23 से दावेदार उमेश सिंह क्षेत्र में प्रचार के लिए निकले थे। दोनों दावेदार अपने वाहन में माइक लगाकर प्रचार कर रहे थे। बिना अनुमति माइक से प्रचार पर प्रभारी निरीक्षक अंगद सिंह ने दोनों वाहनों से माइक उतरवाते हुए आदर्श आचार संहिता का केस दर्ज किया है। उधर मुंशीगंज एसओ रवींद्र सिंह ने मंगलवार को माइक से प्रचार कर रहे एक वाहन को रोका जिस पर क्षेत्र के दीनापुर निवासी सत्य प्रकाश मिश्र मौजूद थे। वाहन से मड़ेरिका निवासी डीडीसी पद की दावेदार नीतू यादव के प्रचार के करीब 70 पोस्टर बरामद हुए। पुलिस ने वाहन से माइक उतरवाकर पोस्टर को जब्त करने के साथ आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है।