गौरीगंज (अमेठी)। घोषित लॉकडाउन के बीच घरों से अकारण बाहर निकलना आठ लोगों को भारी पड़ा। बृहस्पतिवार देर शाम अनावश्यक रूप से सड़क पर घूम रहे छह लोगों को गौरीगंज तो दो लोगों को अमेठी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस की तमाम सख्ती व कारोना से बचाव के लिए की जा रही अपील का असर आम लोगों पर नहीं पड़ रहा है। रोक के बावजूद लोग अनावश्यक रूप से अपने घरों से बाहर निकलने से बाज नहीं आ रहे हैं। हर रोज सड़कों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए डीएम अरुण कुमार ने सख्ती बरतने का निर्देश समस्त एसडीएम, सीओ व थाना प्रभारियों को दिया है।
अफसरों के निर्देश पर बृहस्पतिवार देर शाम प्रभारी निरीक्षक गौरीगंज परशुराम ओझा अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलकर एक जगह एकत्र होने पर छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। एसएचओ ने बताया कि गश्त पर निकले पुलिस कर्मियों ने ओरीपुर पुलिस के पास से रुद्रप्रताप, कपिदेव, राहुल चौहान, रामनरेश, अरविंद व नीरज कुमार को गिरफ्तार किया गया।
अमेठी पुलिस ने गश्त के दौरान अंतू मार्ग पर स्थित बाबा बालकदास की कुटी के समीप से संग्रामपुर के बदलापुर निवासी मोहम्मद इस्लाम तथा परसावां निवासी शिवशंकर को अनावश्यक रूप से टहलते समय गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सभी के खिलाफ केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई कर रही है।