भादर (अमेठी)। ग्राम पंचायत में विकास के लिए आए धन का अनियमित भुगतान व अन्य आरोप में सवनगी ग्राम प्रधान का वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिया गया है। डीएम के आदेश पर ग्राम पंचायत के निर्वाचित तीन सदस्यों की टीम गठित कर दिया गया है।
भादर ब्लॉक के सवनगी गांव की प्रधान भानमती पर सरकारी धन का अनियमित भुगतान करने सहित कई गंभीर आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने शिकायत की थी। जांच में शिकायत सही मिले पर डीएम निशा अनंत ने ग्राम प्रधान का वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिया है।
ग्राम पंचायत में विकास कार्य चालू रखने के लिए वार्ड संख्या 10 की सदस्य निशा, वार्ड संख्या एक की सदस्य कुसुम तथा वार्ड संख्या सात के सदस्य द्वारिका की संयुक्त समिति गठित करने का आदेश दिया है। डीपीआरओ मनोज त्यागी ने बताया कि प्रधान का अधिकार सीज कर समिति का गठन करा दिया गया है। बीडीओ विनय वर्मा ने आदेश की पुष्टि करते हुए कहा की शीघ्र समिति गांव के विकास कार्यों सहित प्रशासनिक कार्य देखना प्रारंभ कर देगी।