गौरीगंज (अमेठी)। जिले में बुखार पीड़ित मरीजों की संख्या थमने का नाम नहीं ले रही। इसके चलते ही शनिवार को भी जिला अस्पताल की ओपीडी में इलाज के लिए 214 बुखार पीड़ित पहुंचे। इनमें से दो मरीजों की हुई पैथालॉजी कार्ड जांच में डेंगू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट के बाद डेंगू की पुष्टि के लिए मरीजों का सीरम सैंपल लेकर एलाइजा जांच के लिए लखनऊ भेजा गया है।
मौसम के बदलते मिजाज के कारण सर्दी जुकाम व बुखार की बीमारी थमने का नाम नहीं ले रही है। हर रोज बड़ी संख्या में बुखार पीड़ित मरीज सरकारी व निजी अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। शनिवार को संयुक्त जिला अस्पताल की ओपीडी में पहुंचे 764 मरीजों में से 214 मरीज बुखार पीड़ित रहे। पैथालॉजी में हुई बुखार पीड़ितों की जांच के दौरान अमेठी व गौरीगंज ब्लॉक क्षेत्र के एक-एक गांव निवासी मरीजों की कार्ड जांच में डेंगू रिपोर्ट भी पॉजिटिव निकली। इसके बाद दोनों ही डेंगू आशंकित मरीजों में डेंगू की पुष्टि के लिए उनके सीरम की सैंपलिंग कर नमूना एलाइजा जांच के लिए लखनऊ भेजा गया है।
संबंधित सीएचसी अधीक्षक द्वारा दी गयी डेंगू आशंकित मरीजों की सूचना के बाद दोनों ही मरीजों से जुड़े गांव व उनके घरों के आसपास रोकथाम के लिए निरोधात्मक कार्रवाई का भी निर्देश दिया गया है। संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल/एसीएमओ डॉ. राम प्रसाद ने बताया कि पूरे जिले में नामित टीमें नियमित रूप से भ्रमण कर निरोधात्मक कार्रवाई कर रही हैं। इस दौरान डेंगू के वास्तविक व आशंकित केस से जुड़े स्थानों पर रैपिड रिस्पांस टीम भेजकर भी लोगों की जांच कर उन्हें डेंगू से बचाव के बारे बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।