जिला अस्पताल में मरीजों का इलाज करते चिकित्सक। संवाद।
अमेठी सिटी। तापमान में उतार-चढ़ाव से मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। सोमवार को जिला अस्पताल में पंजीकरण कक्ष से लेकर ओपीडी के बाहर तक मरीजों की कतार दिखी। ओपीडी में पहुंचे 50 फीसदी मरीज बुखार से पीड़ित मिले। सीएचसी, पीएचसी पर भी मरीजों की भीड़ जुटी रही।
जिला अस्पताल की ओपीडी में 1323 मरीजों ने चिकित्सीय परीक्षण कराया। चिकित्सकों के अनुसार इनमें 50 फीसदी से अधिक बुखार, जुकाम से पीड़ित मिले। मलेरिया, टायफाइड, डेंगू की आशंका होने पर मरीजों की जांच कराई जा रही है। इन दिनों त्वचा के मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। चिकित्सक डॉ. शुभम पांडेय, डॉ. अमित यादव ने बताया कि बुखार इम्युनिटी सिस्टम को कमजोर कर रहा है। इस वजह से शरीर में इंफेक्शन तेजी से फैल रहा है।
ऐसे में जिला अस्पताल में सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या फिर बढ़ने लगी है। इस वायरस से बचने के लिए शरीर का तापमान व्यवस्थित रखने की जरूरत होती है। लोग शरीर में पानी की मात्रा कम न होने दें और गुनगुना पानी पीएं। अस्थमा के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। अचानक तापमान बढ़ने पर एकदम से कपड़े न उतारें। ठंडे व तले पदार्थों के सेवन से बचें।
217 मरीजों ने कराई जांच
जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में सोमवार को 217 मरीजों ने जांच कराई। मरीजों की भीड़ ज्यादा होने के कारण दोपहर दो बजे के बाद भी कर्मचारी सैंपल लेते मिले। पैथोलॉजी इंचार्ज डॉ. विवेक चौधरी ने बताया कि बुखार पीड़ित मरीज ज्यादा आए।