अमेठी। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बाजार शुकुल इलाके में बुधवार सुबह तेज रफ्तार एसयूवी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना में एसयूवी सवार पिता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पुत्र व पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पुत्री की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के बघौरा गांव निवासी राजनाथ यादव (65) बुधवार को अपनी पुत्री संध्या (28) का पीजीआई में इलाज कराने के लिए पुत्र प्रिंस (23) के साथ अपनी एसयूवी से लखनऊ जा रहे थे। एसयूवी प्रिंस चला रहा था। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बाजार शुकुल थाना क्षेत्र में आशीषपुर गांव के पास एसयूवी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। रफ्तार इतनी तेज थी कि एसयूवी कई बार पलटते हुए दूर जा गिरी।
दुर्घटना में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही तीनों घायलों को किसी तरह एसयूवी से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने राजनाथ यादव को मृत घोषित करते हुए संध्या की हालात नाजुक देख प्राथमिक उपचार कर हायर सेंटर रेफर कर दिया। जबकि प्रिंस का इलाज सीएचसी में ही किया गया।
पुलिस ने राजनाथ के परिजनों को सूचना देते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुछ घंटे बाद राजनाथ के परिजन व कई रिश्तेदार रोते-बिलखते अमेठी पहुंचे। हादसे में राजनाथ की मौत और बेटा-बेटी के घायल होने से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसओ तरुण कुमार पटेल ने दुर्घटना में राजनाथ यादव की मौत होने तथा संध्या की हालात नाजुक होने पर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। यदि तहरीर मिलेगी तो केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।