गौरीगंज तहसील में प्रदर्शन करते किसान। -संवाद
अमेठी सिटी। अघोषित बिजली कटौती, खाद की अनुउपलब्धता और सिंचाई की समस्या को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में किसानों ने सोमवार को गौरीगंज तहसील में प्रदर्शन किया। किसानों ने बिजली, पानी, फसल खरीद, कृषि और किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
किसानों ने 18 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और माइनरों में टेल तक लगातार पानी पहुंचाने की मांग की। धान की फसल को पशुओं से बचाने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने को भी कहा। खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ बटाईदारों और फार्मर आईडी नहीं रखने वाले किसानों को खाद से वंचित न करने की मांग की गई।
गलत अंश निर्धारण की समस्या दूर करने के लिए गांवों में राजस्व विभाग के शिविर लगाने की मांग की गई। सम्मान निधि से वंचित किसानों की समस्याओं का समाधान करने और आईजीआरएस शिकायतों में गलत रिपोर्ट लगाने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई गई। किसानों ने कहा कि बिजली कटौती और सिंचाई की समस्या से धान की फसल प्रभावित हो रही है। खाद के लिए भी किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
प्रदर्शन में भारतीय किसान सेना के सूरजपाल, नव भारतीय किसान संगठन के शिव कुमार पांडेय, भाकियू लोकतांत्रिक ब्लॉक अध्यक्ष सतीश चंद्र, रामप्रताप पांडेय, अरविंद यादव, हनुमान, गगन प्रकाश, ब्लॉक अध्यक्ष दयाराम, चौबे शर्मा, तहसील अध्यक्ष गौरीगंज छत्तरपाल और शीतला प्रसाद आदि मौजूद रहे।