. गौरीगंज शहर में प्रदर्शन करती महिलाएं। -संवाद
अमेठी सिटी। नहरों में पानी नहीं पहुंचने से नाराज किसानों ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। स्टेशन रोड से जुलूस निकालते हुए किसान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचे और घेराव कर नारेबाजी की। इसके बाद अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर नहरों में तत्काल पानी छोड़े जाने की मांग की।
प्रदर्शन में शामिल किसानों ने कहा कि जायद सीजन की फसल पानी के अभाव में प्रभावित हो रही है। दूसरी ओर धान की नर्सरी डालने का कार्य शुरू हो चुका है और किसान रोपाई की तैयारी में जुटे हैं। इसके बावजूद अधिकांश नहरें सूखी पड़ी हैं। इससे खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है और समय पर रोपाई नहीं होने की आशंका बढ़ गई है।
रीता सिंह जनकल्याण समिति की अध्यक्ष रीता सिंह ने कहा कि क्षेत्र के अधिकांश किसान सिंचाई के लिए नहरों पर निर्भर हैं। नहरों में पानी नहीं होने से किसानों को निजी साधनों से सिंचाई करनी पड़ रही है, जिससे खेती की लागत बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह समस्या लगभग हर वर्ष सामने आती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए जाते हैं।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस दौरान नंदन सिंह, अनीता गौतम, श्यामा मिश्रा, शिव कुमारी, ऊषा, कमलेश, गयाप्रसाद पांडेय, जंग बहादुर सिंह आदि मौजूद रहे।