जामो थाने में पकड़े गए अधेड़ के हत्यरोपी।
जामो (अमेठी)। दबंगों के हमले में मारे गए किसान के शव का परिजनों ने मंगलवार को पुलिस के समझाने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया, वहीं पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शव के अंतिम संस्कार के वक्त गांव में भारी पुलिस बल तैनात रहा। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी जेल भेजा जाएगा।
जामो थाना क्षेत्र के पूरे मंगल गांव निवासी किसान रामगोपाल (50) की सोमवार को विवाद में गांव के ही राजकुमार, सोनू, संजय, संदीप, तन्नूराम व विकास के साथ परिवार की दो महिलाओं ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से पिटाई कर दी थी। घायल रामगोपाल की जिला अस्पताल में मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो चीख पुकार मच गई। शव गांव पहुंचने के बाद मृतक के पुत्र करन के अहमदाबाद से आने का इंतजार किया जा रहा था।
इस दौरान लोगों में आक्रोश देखते हुए जामो के साथ जगदीशपुर थाने की फोर्स व पीएसी गांव में लगाई गई। मंगलवार की सुबह मृतक के परिजन नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही शव का अंतिम संस्कार करने की जिद पर अड़ गए। दोपहर बाद रामगोपाल का पुत्र करन घर पहुंचा तो पुलिस ने उसे समझाते हुए मामले में कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हुए।
गांव के बाहर रामगोपाल का अंतिम संस्कार हुआ, तब पुलिस ने राहत की सांस ली। उधर, पुलिस ने मामले में नामजद गांव निवासी सोनू, राजकुमार व विकास, मुसाफिरखाना क्षेत्र के भनौली गांव निवासी तन्नूराम को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने हमले में प्रयुक्त लाठी भी बरामद कर ली। एसएचओ विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।