सिंहपुर। शिवरतनगंज के पूरे कनपुरिया गांव निवासी किसान भानू प्रताप (50) का शव मंगलवार को रतवलिया मैंझार के जंगल में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। वह सोमवार शाम से लापता थे। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
संजय के अनुसार उनके पिता भानू प्रताप सोमवार शाम घर से निकले थे। देर तक नहीं लौटने पर परिवार के लोग उनकी तलाश में जुट गए। मंगलवार को घर से करीब एक किमी दूर पूरे गंगई मजरे रतवलिया मैंझार के जंगल में पेड़ से शव लटका होने की जानकारी मिली। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की।
भानू प्रताप खेती-किसानी करते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। जंगल में शव मिलने की परिस्थितियों को लेकर परिजनों ने हत्या कर शव पेड़ से लटकाए जाने की आशंका जताई है। हालांकि अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसओ दयाशंकर मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। मामले से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। परिजन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं।