अमेठी सिटी। जगदीशपुर के रनकापुर गांव निवासी जग प्रसाद सिंह (56) की बृहस्पतिवार को अस्पताल में मौत हो गई। उनकी मौत के बाद दो परिजनों ने एक-दूसरे पर भूमि का बैनामा कराने के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
अमित सिंह ने बताया कि उनके चाचा जग प्रसाद दो नवंबर को संदिग्ध हालात में लापता हो गए थे। खोजबीन के दौरान वह गांव के पास से गुजरने वाली नहर के किनारे मिले। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। अमित ने गांव के एक व्यक्ति पर अपहरण कर जमीन का बैनामा कराने के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। वहीं, ओंकार सिंह ने अमित पर प्रताड़ना का आरोप लगाया।
सीओ अतुल सिंह ने बताया कि जग प्रसाद लीवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।