अमेठी सिटी। जिले में लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 79,421 किसानों की ही फार्मर रजिस्ट्री तैयार हुई है। समय से अगर किसान फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराते हैं तो वह 19वीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि से वंचित हो जाएंगे।
कृषि, राजस्व सहित अन्य विभाग के अधिकारी की ओर से गांवों में शिविर लगाकर किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाने के साथ उन्हें स्वयं भी फार्मर रजिस्ट्री बनवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। शासन की ओर से जिले को 3,18,855 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने का लक्ष्य दिया गया है। इसके सापेक्ष बुधवार तक मात्र 79,421 किसानों की ही फार्मर रजिस्ट्री की जा सकी है। अभी 2,39,434 किसान इस प्रक्रिया को पूरा करने से वंचित हैं। उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि सभी राजस्व गांवों में कृषि, राजस्व विभाग के कर्मचारी अभियान चलाकर किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी तैयार कर रहे हैं। शिविर के माध्यम से करीब 25 फीसदी लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बताया कि अब तक 24.91 फीसदी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी तैयार की गई है। उन्होंने जिले के किसानों से फार्मर रजिस्ट्री आईडी अनिवार्य रूप से बनाने की अपील की है। बताया कि किसान स्वयं सेफ मोड से व नजदीकी जनसुविधा केंद्र और गांवों में लग रहे शिविर में जाकर फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवा सकते हैं।