अमेठी सिटी। बाजारशुकुल के मोहिद्दीनपुर शेखपुर गांव में बृहस्पतिवार को पेड़ की डाल काटते समय बिजली के तार की चपेट में आने से रामसमुझ (56) की मौत हो गई। हादसे से परिवार में मातम छा गया। पिता की मौत से बेटी माला का रो-रोकर बुरा हाल है।
सोहनलाल के मुताबिक, उनके चाचा रामसमुझ खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बृहस्पतिवार को वह घर के पास पेड़ की डाल काट रहे थे। इसी दौरान डाल ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन से छू गई। करंट लगने से वह गिर पड़े।
शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने बिजली आपूर्ति बंद कर उन्हें तार से अलग कराया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सीओ अतुल सिंह ने बताया कि परिजनों ने करंट से मौत की जानकारी दी है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।