भादर (अमेठी)। रामगंज थानाक्षेत्र की कस्बा चौकी रामगंज के भागीपुर गांव में चोरों ने नकदी व लाखों रुपए कीमत के सोने चांदी का आभूषण व सामान उठा ले गए। पीड़िता ने घटना की तहरीर स्थानीय चौकी पर दी है। पीड़ित परिवार शादी समारोह में गया था, रविवार को वापस घर पहुंचे तो उन्हें जानकारी हुई।
शनिवार की देर रात गांव निवासी सीतापति वर्मा के घर में लगी खिड़की तोड़कर चोर अंदर घुसे, जहां वे संदूक तोड़ कर लाखों के सोने चांदी के आभूषण, कपड़े सहित कीमती सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए। घटना के समय पीड़ित परिवार एक शादी कार्यक्रम में गया था। रविवार सुबह जब वह लोग घर पहुंचे तो देखा कि सामान अस्त व्यस्त पड़ा है। टूटे हुए संदूक में रखा सोने चांदी का आभूषण जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपए का बताया जा रहा है गायब था।
प्रभारी निरीक्षक पंकज द्विवेदी ने बताया कि घटना चौकी क्षेत्र की है। अभी उनके पास तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।