फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: परिजनों ने हाईवे पर शव रखकर लगाया जाम

Wed, 05 Aug 2026 12:21 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
अमेठी-प्रतापगढ़ मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन करते आक्रो​शित परिजन व ग्रामीण। संवाद
विज्ञापन
अमेठी सिटी। गौरीगंज के पूरे बानसिंह निवासी अंकित कश्यप हत्याकांड में चारों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी परिजनों का आक्रोश शांत नहीं हुआ। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव लेने से इन्कार कर दिया, जिससे शव करीब चार घंटे तक पोस्टमार्टम हाउस में रखा रहा। अधिकारियों के आश्वासन पर देर शाम शव सुपुर्द लिया गया, लेकिन घर पहुंचते ही परिजनों ने शव चिलबिला-मुसाफिरखाना हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी था और अंतिम संस्कार नहीं हुआ था।
विज्ञापन


सोमवार शाम हुई वारदात के बाद पहले परिजन तहरीर देने को तैयार नहीं थे। मंगलवार सुबह मृतक की मां कंचन कश्यप की तहरीर पर गौरीगंज कोतवाली में सुकई यादव, रामसुंदर यादव, सरिता यादव और रंजना यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी सुकई यादव को मुठभेड़ तथा अन्य तीन आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।


पोस्टमार्टम के बाद भी परिजन मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को नौकरी, सरकारी योजनाओं का लाभ और आरोपी का मकान गिराने की मांग पर अड़े रहे। एसडीएम दिशा श्रीवास्तव, सीओ अखिलेश वर्मा समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन


व्यापार मंडल के नेता मुकेश सिंह, भाजपा नेता दीपक सिंह और महेश सिंह ने भी परिजनों को समझाने का प्रयास किया। राजस्व टीम से पैमाइश कराने और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा मिलने पर परिजनों ने शव लिया, लेकिन घर पहुंचकर हाईवे जाम कर दिया। इसके चलते यातायात दूसरे मार्गों से डायवर्ट करना पड़ा। देर रात तक अधिकारी परिजनों को समझाने में जुटे रहे। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है। समाचार लिखे जाने तक परिवार का कोई सदस्य अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं हुआ था।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मिले धारदार हथियार से घाव के निशान
डॉ. आलोक तिवारी और डॉ. पंकज की टीम ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया। सूत्रों के अनुसार सिर पर दो, गर्दन पर आठ धारदार हथियार के घाव मिले हैं। शरीर पर किसी कठोर वस्तु से पिटाई के कई निशान भी मिले। गुप्तांग क्षतिग्रस्त मिला। हालांकि आंखें फोड़े जाने की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से नहीं हुई। सूत्रों के अनुसार दोनों आंखें सुरक्षित थीं।


अंतरजातीय प्रेम विवाह के बाद बढ़ी रंजिश
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार अंकित ने वर्ष 2023 में पड़ोस की श्वेता यादव से अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच रंजिश चली आ रही थी। जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से कुछ दिन पहले अंकित पत्नी को दिल्ली छोड़कर गांव लौटा था। पुलिस का मानना है कि इसे लेकर भी दूसरे पक्ष की नाराजगी बढ़ी। प्रारंभिक जांच में इसी रंजिश को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। अंकित की मौत के बाद पत्नी के बच्चों के साथ गांव न पहुंचने को लेकर भी गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
अंकित की मौत के बाद घर में मातम पसरा है। मां कंचन बेटे को याद कर बार-बार फफक पड़ती हैं। भाई और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। घर के बाहर जुटे रिश्तेदार और ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे।


सभी नामजद आरोपी भेजे गए जेल
एसपी सरवणन टी ने बताया कि हत्याकांड के सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है। परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें