अमेठी सिटी। जिले में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में भ्रष्टाचार का खेल तब से शुरू हुआ, जब शासन की ओर से इसकी आयोजन तिथि निर्धारित हुई। विवादित फर्म में लगे फर्जी अभिलेख को दबाने के लिए विभाग के अफसर तानाबाना बुनकर बड़े खेल की फिराक में थे।
इसको लेकर सोशल मीडिया में एक ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि ये बातचीत जिला समाज कल्याण अधिकारी नलिनराज और सहायक योजना प्रबंधक (संविदा) गौरव श्रीवास्तव के बीच हो रही है। वायरल ऑडियो में कहा गया कि फर्जी अभिलेखों को दबाया है, होगा आधा-आधा। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी ऑडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करती है।
वायरल ऑडियो में सामूहिक विवाह कार्यक्रम के आयोजन को लेकर विस्तृत वार्ता की जा रही है। बातचीत के दौरान कहा जा रहा है कि बहुत घटिया क्वालिटी का सामान अग्रवाल लाए थे। दूल्हन का कपड़ा, दूल्हे की पगड़ी अच्छी होनी चाहिए। उसी से बैग के अंदर का सामान किस स्तर का होगा, दिखेगा।
ये भी कहा गया कि फाइल पर सभी के हस्ताक्षर होते चले गए तो हम लोग सेफ हो जाएंगे। सभी अफसरों को नोटशीट गई है। हम अपने हित की बात सोच रहे हैं तो साइन होते जा रहे हैं।
जिलाधिकारी के हस्ताक्षर तो हो गए हैं, लेकिन अब अनुमोदित लिखवान े में पेंच फंस जाएगा। हमें ऐसी कोई गलती नहीं करनी है। ऑडियो में ये बात भी कही गई कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन छह दिसंबर को करा लेते हैं। इसे लेकर सभी तैयारियां पूरी रखो। दूसरी तरफ से कहा जाता है कि एक गाड़ी सामान लेकर आ गई है।
दो ट्रकों से और सामान आ रहा है। ये बात स्पष्ट कही गई कि फर्जी अभिलेखों को दबाया है, जो भी होगा आधा-आधा कर लिया जाएगा। दोनों की बातचीत के दौरान समाज कल्याण विभाग के कर्मचारी शुभम, अंबरीश, राहुल, बड़े बाबू का नाम भी कई बार लिया गया।