अमेठी सिटी। जिले में दो दिनों तक हुई बारिश में भी मनरेगा की ओर से 10,321 मस्टर रोल तैयार कर दिए गए। इन दो दिनों में 8,170 श्रमिकों की हाजिरी लगा दी गई है। वहीं, विभागीय अधिकारी मामले की जांच की बात कह रहे हैं। ग्राम पंचायतों में तैयार किए जा रहे चार अलग-अलग मस्टर रोल में एक ही फोटो का सहारा लिया जा रहा है। इस संबंध में ग्रामीण लगातार शिकायत भी कर रहे हैं, फिर भी मनमानी जारी है।
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना में प्रत्येक परिवार को 100 दिनों का कार्य दिया जा रहा है। कम मजदूरी के चलते जहां एक ओर मनरेगा के लिए मजदूर ही नहीं मिल रहे हैं तो दूसरी ओर फर्जी हाजिरी की शिकायत भी की जा रही है। जिले में 28 व 29 जुलाई को सुबह से लेकर शाम तक बारिश का सिलसिला जारी रहा। इसके बाद भी मनरेगा के कार्यों में कोई कमी नहीं देखी गई। रोज की तरह मस्टर रोल बनाकर फोटो के साथ हाजिरी लगाई गई।
आरोप है कि 28 जुलाई को भेटुआ के बैसड़ा गांव में 111 श्रमिकों को कार्यरत दिखाया गया। भेटुआ के ग्रामसभा धुरहा में कालिका तारा तालाब खोदाई में फर्जी हाजिरी का आरोप लगाकर अधिकारियों से शिकायत की गई है। ग्रामीण रामतीर्थ गौतम, सूरज, जयप्रकाश, साहिल, आदिल सहित अन्य ग्रामीणों ने शिकायती पत्र में लिखा है कि खोदाई के नाम पर फर्जी हाजिरी लगाई जा रही है। चार मस्टर रोल में एक ही फोटो लगाई जा रही है। आरोप है कि सिर्फ हाजिरी के समय ही मजदूर आ रहे हैं।
भेटुआ के बीडीओ छत्रपाल सिंह ने बताया कि बरसात के दिन मनरेगा कार्य मना किया गया था। अगर ऐसा हुआ है तो वह इसकी जांच करेंगे। डीडीओ व प्रभारी सीडीओ वीरभानु सिंह ने बताया कि कहीं बारिश के दौरान कार्य नहीं हुआ है तो वहां का मस्टररोल जीरो किया जाएगा। किसी को यदि भुगतान किया गया है तो उसकी रिकवरी कराई जाएगी। इस कार्य में मनरेगा उपायुक्त लगे हुए हैं।