अमेठी में एटीएम से निकले नकली नोट को दिखाता ग्राहक।-संवाद
अमेठी। शहर के राजर्षि तिराहे पर पान की दुकान चलाने वाले संतोष चौरसिया के साथ नकली नोट निकलने का मामला सामने आया। शुक्रवार दोपहर उन्होंने अपने बेटे आलोक चौरसिया को पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम कार्ड से पास ही स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम से एक हजार रुपये निकालने भेजा।
बेटे ने 1000 रुपये निकाले और संतोष को दिए। उसी दौरान एक ग्राहक को 500 रुपये का नोट दिया गया। ग्राहक ने नोट देखकर बताया कि यह नकली है। यह सुनकर संतोष चौरसिया दंग रह गए। उन्होंने तुरंत मामले की शिकायत आईसीआईसीआई बैंक के शाखा प्रबंधक से की, लेकिन संतोष का आरोप है कि बैंक मैनेजर ने बिना शिकायत सुने ही उन्हें फटकार लगाकर लौटा दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एटीएम से नकली नोट निकलना गंभीर मामला है। यदि समय रहते इस पर कार्रवाई न की गई तो आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। शाखा प्रबंधक प्रभाष दुबे से जानकारी करने की कोशिश की गई तो पहली बार में उन्होंने फोन नही उठाया। उसके बाद मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया। सीओ मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी।