अमेठी सिटी। मुसाफिरखाना में छह लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से कई साक्ष्य मिले है। पुलिस लुटेरों की पहचान कर गिरफ्तारी के साथ संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। जामो थाने के नीमी गांव निवासी अभिषेक सिंह अपने मित्र पंकज के साथ बाइक से मंगलवार को सुल्तानपुर के जयसिंहपुर से अपनी मौसी घर से बहन के शादी के लिए छह लाख रुपये उधार लेकर आ रहा था। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर मुसाफिरखाना थाने के धरौली मोड़ से पहले बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने पैसे लूट लिए थे।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने के दौरान पुलिस को एक तस्वीर मिली है, जिसमे बाइक सवार तीन नकाबपोश युवक बाइक का पीछा करते दिख रहे हैं। पीछा करने वाले बदमाश की पहचान के लिए सर्विलांस सेल ने सीडीआर का सहारा लिया है। सीडीआर व फुटेज के विश्लेषण से घटना को अंजाम देने वाले लुटेरों से जुड़े कुछ अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। एसएचओ विनोद सिंह का दावा है कि जांच में कई साक्ष्य मिले है। संदिग्धों की पहचान हो चुकी है। जल्द ही मामले खुलासा किया जाएगा।