जिला अस्पताल में आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर कार्यक्रम को संबोधित करते पूर्व केंद्रीय मंत्
अमेठी सिटी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार को जिले की चारों विधानसभा क्षेत्र स्थित सरकारी अस्पतालों में सेवा पखवाड़ा के तहत स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित हुआ। इसमें 60 वर्ष के बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया गया।
बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने को लेकर सरकार की ओर से विशेष कवायद की जा रही है। सोमवार को सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह, सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल की मौजूदगी में जिला अस्पताल परिसर में सेवा पखवाड़ा के तहत स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित हुआ। इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय सिंह ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि पीएम के प्रयास से सबका विकास सबका स्वास्थ्य बेहतर हो रहा है। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश को विशेष पहचान मिली है। सीएमओ ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के तहत बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण उपचार करने के साथ ही पात्रता सूची में दर्ज आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से केंद्रों पर पहुंचकर कार्ड बनवाने की अपील की।
सीएमएस ने जिला अस्पताल की सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं, तिलोई स्थित सीएचसी में मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने सरकार की ओर से संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जनता को दी जा रही सेवाओं को गिनाया। अमेठी विधानसभा में सीएचसी अमेठी पर अधीक्षक डॉ. आलोक तिवारी की मौजूदगी में आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार अग्रहरि ने उद्घाटन किया। इसके अलावा जगदीशपुर विधानसभा स्थित सीएचसी में भाजपा जिला उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र शुक्ल ने शिविर का शुभारंभ किया। इस मौके पर पूर्व विधायक व भाजपा नेता चंद्र प्रकाश मटियारी, विजय किशोर तिवारी, गोविंद सिंह, ओपी तिवारी, भाजपा महिला मोर्चा उपाध्यक्ष डॉ. प्रज्ञा बाजपेयी आदि मौजूद रहे।
शिविर में 2507 मरीजों का परीक्षण, 19 के बने आयुष्मान कार्ड
जिले में आयोजित चारों शिविर स्थल पर जिसमें 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 525, 60 वर्ष से कम आयु वर्ग के 1982 मरीजों का परीक्षण कर कुल 844 मरीजों की जांच की गई। वहीं, 19 लोगों का आयुष्मान कार्ड बना तो 1070 मरीज गंभीर रोग बीमारी से ग्रसित मिले। सभी मरीजों को दवा वितरित की गई।