गौरीगंज (अमेठी)। जिला मुख्यालय की नगर पालिका का गठन हुए आठ साल हो गए हैं। बावजूद इसके शहर वासियों को एक पार्क तक नसीब नहीं हो सका है। यह स्थिति तब है जब मिश्रौली वार्ड में पार्क के लिए जमीन की तलाश भी पूरी कर ली गई है।
नगर पालिका परिषद गौरीगंज निकाय चुनाव में दूसरी बार हिस्सा लेने जा रहा है। फरवरी 2015 में गठित नगर पालिका की पहले तीन वर्ष तक डीएम की ओर से नामित अधिकारी प्रशासक के रूप में बागडोर संभाली। इसके बाद 2017 में पहली बार निकाय चुनाव में हिस्सा लेकर अध्यक्ष व सदस्यों का निर्वाचन हुआ। बोर्ड का गठन होने के बाद शहर वासियों में पार्क मिलने की उम्मीद जगी। देखते-देखते समय का पता नहीं चला और पांच वर्ष बीत गए। बावजूद इसके पार्क बनाने का कार्य अधूरा रह गया। जबकि नगर पालिका के वार्ड संख्या नौ मिश्रौली में 1.44 हेक्टेयर जमीन पार्क के लिए आवंटित हो चुकी है।
व्यायाम के लिए पार्क सबसे अच्छा स्थान
नगरीय क्षेत्र में पार्क और मैदान मूलभूत सुविधा में आते हैं। पार्क रहेगा तो बच्चों के खेलने-कूदने के साथ ही व्यस्कों व युवाओं को भी सुबह-शाम व्यायाम करने में सहूलियत मिलेगी।
- प्रवीन पांडेय, वार्ड संख्या 19, रग्घूपुर
बच्चों के मनोरंजन का नहीं साधन
नगर पालिका में बच्चों के मनोरंजन के लिए कोई संसाधन नहीं हैं। यदि पार्क बन जाता तो पार्क में झूला, स्लाइडिंग व क्रिकेट आदि खेलने का अवसर मिलता। भूमि मिलने के बावजूद पार्क का निर्माण नहीं हो पाना बड़ी बात है।
- अरुण शुक्ल, वार्ड संख्या 9, मिश्रौली
3. पार्क में मिलता है शुद्ध वातावरण
माॅर्निंग वॉक के लिए शुद्ध वातावरण पार्क में ही मिलता है। लेकिन नगर पालिका में अभी तक पार्क नहीं बन सका। इससे लोग जान जोखिम में डालकर सड़क पर ही माॅर्निंग वॉक करने को मजबूर हैं।
- शशांक यादव, वार्ड संख्या 12, श्रीमाधव नगर
हर वार्ड में हो पार्क की सुविधा
नगर पालिका के हर वार्ड में पार्क बनाए जाने की रणनीति तैयार की जाए। इससे लोगों को उनके ही वार्ड में पार्क की सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
- दीपक पांडेय, वार्ड संख्या 21, तहसील एरिया