गौरीगंज (अमेठी)। कोविड-19 का संक्रमण रोकने के उद्देश्य से 18 मार्च से बंद यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य मंगलवार को फिर शुरू होगा। सोमवार को दोनों मूल्यांकन केंद्रों का सैनिटाइजेशन कराने के साथ ही व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से ठप था। शासन के निर्देश पर प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा आराधना शुक्ला ने दो दिन पूर्व एक पत्र जारी कर बची हुई कॉपियों का मूल्यांकन पांच मई से कराने का निर्देश दिया था।
ीआईओएस जयकरन लाल वर्मा ने दोनों केंद्र प्रभारियों को पत्र जारी कर सोशल डिस्टेंसिंग नियमों के अनुसार कक्षों में शिक्षकों के बैठने का स्थान निर्धारित करते हुए सीसीटीवी कैमरे व वाइस रिकार्डर की निगरानी में सुविधा व बचाव सामग्री के साथ बाकी एक लाख 62 हजार 187 कॉपियों का मूल्यांकन कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया है। उनके निर्देश पर सोमवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। सोमवार को दोनों केंद्रों के सभी कक्ष व परिसर का सैनिटाइजेशन कराया।
डीआईओएस ने बताया कि कॉपियों की जांच के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का खास ध्यान रखा जाएगा। बताया कि रामनगर स्थित रणवीर इंटर कॉलेज में पांच, छह व सात मई को इंटरमीडिएट की हिंदी/सामान्य हिंदी, आठ, नौ व दस मई को अंग्रेजी, 11, 12 व 13 मई को रसायन विज्ञान, 14, 15 व 16 मई को भौतिक विज्ञान, 17, 18 व 19 मई को चित्रकला, 20 व 21 मई को नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र व गणित, 22 व 23 मई को इतिहास, भूगोल, संस्कृत व शिक्षाशास्त्र तथा 24 व 25 मई को शेष समस्त विषय की कॉपियों का मूल्यांकन होगा।
इसी तरह रणंजय इंटर कॉलेज गौरीगंज में हाईस्कूल की पांच छह व सात मई को हिंदी, आठ, नौ व दस मई को अंग्रेजी, 11,12 व 13 मई को गणित, 14, 15 व 16 मई को सामाजिक विज्ञान, 17 व 18 मई को चित्रकला, 19, 20 व 21 मई को विज्ञान, 22 मई को संस्कृत व गृहविज्ञान तथा 23, 24 व 25 मई को बाकी विषयों का मूल्यांकन कार्य होगा।