अमेठी सिटी। भीषण गर्मी ने शनिवार को अमेठी में 12 साल का रिकार्ड तोड़ दिया। तापमान बढ़कर अधिकम 45.5 तो न्यूनतम 31 डिग्री रहा। मौसम वैज्ञानिक दावा कर रहे हैं कि हाल-फिलहाल गर्मी से राहत मिलने वाली नहीं है। आलम यह है कि सुबह होते ही सूरज आग उगलने लगता है। जैसे-जैसे दिन चढ़ता है, वैसे-वैसे गर्मी के तेवर और तल्ख होते चले जाते हैं।
शनिवार जून माह का सर्वाधिक गर्म दिन रहा। गर्मी का 12 साल का रिकार्ड टूट गया। 7.2 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली गर्म हवाओं ने सुबह से लोगों को बेहाल कर दिया। पारा तेजी से चढ़ने से लोगों की परेशानियों में लगातार इजाफा होता रहा। तेज धूप होने से बाजारों में सन्नाटा रहा। अधिकतर लोग घरों में ही रहने को मजबूर रहे। जो लोग जरूरी काम से बाहर निकले वह मुंह पर गमछा बांधकर बाहर आए और काम निपटाने के बाद घर लौट गए।
घरों के बाहर व छत पर बर्तन में पानी रखें
भीषण गर्मी से मवेशी भी परेशान हैं। मवेशियों को प्यास बुझाने के लिए भटकना पड़ रहा है। शिक्षा विद पं जगदंबा प्रसाद त्रिपाठी मनीषी ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने-अपने घरों के बाहर व छत पर बड़े बर्तन में पानी रखें। समय-समय पर पानी बदलते भी रहें, इससे मवेशियों को प्यास बुझाने में आसानी होगी।
काश! हरी-भरी होती धरती
माधवपुर निवासी 88 वर्षीय बुजुर्ग कल्पनाथ ने बताया कि हमने अपनी अब तक की जिंदगी में इतनी गर्मी नहीं देखी। पहले जगह-जगह छायादार पेड़ लगे होते थे। तालाब व पोखरों में पानी भरा रहता था। अब सब कुछ बदल गया है। शहर की बात छोड़िए, गांवों में भी पेड़ों की संख्या कम हो गई है। हरी घास बहुत कम देखने को मिलती हैं।
बरतें विशेष एहतियात
सीएचसी गौरीगंज अधीक्षक डॉ. राजीव सौरभ ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए विशेष एहतियात बरतें। मसालेदार व तली भुनी खाद्य सामग्रियों के सेवन से परहेज करें। हरी सब्जियों का अधिक प्रयोग करें। शरीर में पानी की कमी न होने दें। तनिक भी लू लगने का लक्षण दिखे तो तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें। अत्यंत जरूरी काम पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय से प्राप्त सूचना पर आधारित आकंडे
अधिकतम
15 जून - - 2012 - 2013- 2014 -2015 - 2016 - 2017 - 2018 - 2019- 2020 - 2021 - 2022- 2023 - 2024 - सामान्य
अधिकतम - - 45.0 - 37.0 - 36.0 - 39.5 - 38.0 - 33.0 - 40.0 - 44.5 - 36.5 - 30.5 - 42.5 - 41.5 - 45.5 - 38.3
न्यूनतम - - 30.0 - 27.0 - 23.0 - 25.0- 28.0 - 24.5 - 27.0 - 26.0 - 29.5 - 25.0 - 27.5 - 28.5 - 30.5 - 26.2
तापमान - अधिकतम - न्यूनतम
एक जून - 44.5 - 28.5
दो जून - 42.0 - 27.5
तीन जून - 41.0 - 27.0
चार जून - 42.5 - 27.0
पांच जून - 41.0 - 27.5
छह जून - 37.0 - 22.0
सात जून - 40.5 - 25.0
आठ जून - 42.0 - 26.0
नौ जून - 42.5 - 26.5
10 जून - 41.5 - 25.0
11 जून - 42.5 - 27.5
12 जून - 43.5 - 26.0
13 जून - 44.5 - 27.5
14 जून - 44.0 - 29.5
15 जून - 45.5 - 30.5
गर्म हवाओं से निजात मिलने की संभावना नहीं
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमर नाथ मिश्र ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 45.5 तो न्यूनतम तापमान 30.5 डिग्री रहा। मौसम में सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 77 प्रतिशत तो न्यूनतम 38 प्रतिशत रही। 7.2 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दक्षिणी पश्चिमी गर्म हवाएं संचालित हुई। बताया कि आगामी 24 घंटे मौसम शुष्क बने रहने एवं हवा सामान्य गति से पश्चिमी चलने की संभावना है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना के दृष्टिगत अभी लू जैसी स्थितियों से निजात मिलने की संभावना नहीं है।