मुंशीगंज कस्बे में हटाया गया अतिक्रमण। स्रोत: स्थानीय नागरिक
मुंशीगंज। कस्बे में सार्वजनिक शौचालय निर्माण की राह में बाधा बने अतिक्रमण को बुधवार को राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने जेसीबी से हटवा दिया। नायब तहसीलदार सुधीर श्रीवास्तव के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
नेहरेपुर सपहा निवासी इंद्रजीत यादव ने करीब एक वर्ष पहले जिलाधिकारी से शिकायत कर मुंशीगंज में सार्वजनिक शौचालय बनवाने की मांग की थी। उन्होंने बताया था कि शौचालय नहीं होने से बस यात्रियों और अस्पताल आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होती है। शिकायत के बाद प्रशासन ने प्रस्तावित स्थान से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। बुधवार को राजस्व टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाकर जगह खाली कराई।
कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक जगदीश विश्वकर्मा, लेखपाल गोविंद तिवारी, कुलदीप शुक्ला और उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह चंदेल मौजूद रहे। सीओ अखिलेश वर्मा ने बताया कि अतिक्रमण करने वाले दुकानदार को करीब एक सप्ताह पहले नोटिस देकर निर्धारित समय में जगह खाली करने के निर्देश दिए गए थे। समय सीमा समाप्त होने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद कार्रवाई की गई।