अमेठी। पुलिस प्रशासन की भारी मौजूदगी में सोमवार को औद्योगिक क्षेत्र के सर्विस रोड पर जेसीबी से अतिक्रमण हटाया गया। यूपीएसआईडीए ने गत दिनों नोटिस जारी कर लोगों से अपना अतिक्रमण स्वयं हटाने को कहा था। नोटिस के बावजूद अक्रिमण नहीं हटाने पर सोमवार को यह कार्रवाई हुई।
कमरौली स्थित यूपीएसआईडीए के क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। यूपीएसआईडीए के अफसरों ने कई बार नोटिस जारी कर अक्रिमण हटाने को कहा। इसके बाद समस्या का समाधान नहीं निकलने पर सोमवार को स्थानीय प्रशासन के साथ पहुंचे यूपीएसआईडीए के अधिकारियों ने जेसीबी से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। जेसीबी से अतिक्रमण हटाने के कारण पटरी दुकनदारों में अफरातफरी मच गई। जेसीबी से अतिक्रमण हटाने से लोगों को काफी नुकसान भी उठाना पड़ा। लोग अपने गाढ़ी कमाई नष्ट होने से नाराज दिखे। यूपीएसआईडीए ने सोमवार को औद्योगिक क्षेत्र के रोड नंबर चार की बाईं पटरी का अतिक्रमण हटवाया। सेक्टर 21 स्थित फौजी चौराहा और फील्ड हास्टल के सामने की दुकानों पर बुलडोजर चला। अन्य स्थानों पर अतिक्रमण हटाने के लिए 15 फरवरी की तारीख तय की गई है। प्रशासन ने कहा कि जो अतिक्रमण कर्ता अपना अतिक्रमण स्वत: नहीं हटा रहे हैं उनसे ध्वस्तीकरण चार्ज भी वसूलेगा। इस मौके पर यूपीएसआईडीए के वरिष्ठ प्रबंधक एनके आदर्श व एसओ कमरौली शिवाकांत पांडेय आदि मौजूद रहे।