गौरीगंज ब्लॉक में गोष्ठी को संबोधित करते विधायक राकेश प्रताप सिंह। -स्रोत : विभाग
अमेठी सिटी। ब्लॉक गौरीगंज सभागार में शनिवार को किसान गोष्ठी का आयोजन हुआ। गोष्ठी के मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण, कृषक जागरूकता कार्य एवं सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर योजना के माध्यम से किसानों को प्रशिक्षण, जागरूकता व तकनीकी सहायता देने का जो प्रयास हो रहा है, उससे निश्चित ही किसानों की आमदनी दोगुनी होगी।
उन्होंने किसानों से कहा कि सरकार की ओर से आकाशवाणी, दूरदर्शन, रेडियो एवं समाचार पत्रों के माध्यम से प्रचारित योजनाओं की जानकारी नियमित रूप से हासिल करें। खेती में वैज्ञानिक पद्धति अपनाएं। इससे फसल की गुणवत्ता और मात्रा में वृद्धि होगी, लागत में भी कमी आएगी।
उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार ने विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। अयोध्या मंडल संयुक्त कृषि निदेशक अवतींद्र मिश्र ने किसानों को आधुनिक तकनीकी अपनाने तथा विभाग की योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ लेने की बात कही।
गोष्ठी में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को जैविक व उन्नत खेती के संबंध में जागरूक किया। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद किसानों की समस्याओं को सुनने व निस्तारण कराने के साथ उनसे सुझाव भी लिए गए।