बिजली उपकेंद्र के लिए चिह्नित जमीन
अमेठी। बाजारशुकुल विकास क्षेत्र में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए पॉवर कॉर्पोरेशन की ओर से पाली गांव में 7.56 करोड़ रुपये की लागत से नए उपकेंद्र बनाए जाने की तैयारी की गई है। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के साथ ही भूमि का चिह्नांकन भी कर लिया गया है। नए उपकेंद्र बनने से करीब दस हजार उपभोक्ताओं के साथ ही 35 हजार की आबादी को निर्बाध बिजली आपूर्ति का रास्ता साफ होगा।
भीषण गर्मी और उमस के दौरान बिजली समस्या विकराल रूप धारण कर लेती है। सबसे ज्यादा समस्या ग्रामीणों को होती है। इस दौरान ओवरलोड, लो-वोल्टेज, तार टूटना आम बात हो जाती है। इन सब दिक्कतों को दूर करने में समय लगने से उपभोक्ताओं को काफी परेशानी होती है। पहले से विकास क्षेत्र में तीन उपकेंद्र संचालित हैं। इसमें सित्थन, महोना और बाजारशुकुल शामिल हैं। बिजली व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके इसके लिए पॉवर कॉर्पोरेशन की ओर से पाली ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री जन विकास योजना के तहत उपकेंद्र निर्माण की तैयारी की गई है।
नए उपकेंद्र के लिए 7.56 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसके साथ ही भूमि का चिह्नांकन भी कर लिया गया है। उपकेंद्र में पांच एमवीए के ट्रांसफॉर्मर के साथ ही अन्य उपकरण लगाए जाएंगे। शासन से मंजूरी मिलने और धनराशि जारी होने के बाद जल्द उपकेंद्र का निर्माण शुरू होगा। उपकेंद्र की स्थापना हो जाने से उपभोक्ताओं की बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्याओं का काफी हद तक निराकरण हो जाएगा।
जल्द शुरू कराया जाएगा काम
अधीक्षण अभियंता ललित कृष्ण ने बताया कि पाली उपकेंद्र के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही उपकेंद्र निर्माण की कार्यवाही शुरू करा दी जाएगी।