अमेठी सिटी। चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। सी विजिल एप पर चुनाव की घोषणा से मतदान दिवस तक शिकायत की जा सकती है। इसका निराकरण 100 मिनट में होगा। बुधवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पित गुप्ता ने बताया कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन व अन्य शिकायतें करने और उसके निस्तारण के लिए ऑनलाइन सी-विजिल एप विकसित किया गया है। इस एप पर चुनाव की घोषणा के दिनांक से मतदान दिवस तक शिकायतकर्ता द्वारा शिकायत अपलोड की जा सकती है।
बताया कि भारत निर्वाचन आयोग चुनाव के समय सी-विजिल एप निर्वाचन आयोग की काफी मदद करता है। कोई भी नागरिक कहीं भी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन होता हुआ देखता है तो उससे संबंधित फोटो, वीडियो, ऑडियो व अन्य साक्ष्य इसपर अपलोड कर देता है। एप में शिकायत के बाद 100 मिनट के भीतर कार्रवाई होती है।
निष्पक्ष चुनाव कराने में होगा मददगार
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपील करते हुए कहा कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन के संबंध में ऑनलाइन शिकायत के लिए आयोग द्वारा विकसित सी-विजिल एप का प्रयोग करें। आयोग इसकी सत्यता की परख कर संबंधित पर कार्रवाई सुनिश्चित करता है।
ऐसे काम करता है एप
सी-विजिल एप का प्रयोग करने के लिए स्मार्टफोन पर गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर अपना मोबाइल नंबर डालकर ओटीपी के माध्यम से एप में लाॅगिन कर शिकायत दर्ज की जा सकती है। एप एक जीआइएस आधारित एप है। इसमें साक्ष्य के तौर पर केवल लाइव वीडियो, ऑडियो व फोटो भी अपलोड की सकती है। शिकायत अपलोड होने के 100 मिनट में ही शिकायत का निस्तारण संबंधित अधिकारी द्वारा उसी एप के माध्यम से किया जाना है। निस्तारण के बाद विवरण शिकायतकर्ता के सी-विजिल एप पर उपलब्ध हो जाएगा।