कमरौली। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार शाम हुए हादसे में जगदीशपुर के पूरे गौहर मजरे गड़रिया डीह गांव निवासी जमाल (60) की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव घर लेकर चले गए।
फैजल के मुताबिक उनके पिता जमाल रविवार को इलाज कराने के लिए ऑटो से जगदीशपुर जा रहे थे। रास्ते में दुलारीनगर के पास ऑटो बोलेरो की चपेट में आ गया। इससे उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बोलेरो और ऑटो चालक वाहन सहित मौके से चले गए। राहगीरों ने घायल पिता को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद भी परिजनों ने पुलिस को जानकारी नहीं दी और शव घर लेकर चले गए।
थाना प्रभारी कमरौली मुकेश पटेल ने बताया कि पुलिस को हादसे की कोई सूचना नहीं दी गई है। यदि शिकायत प्राप्त होती है तो मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी। जमाल की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।