अमेठी सिटी। 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग व दिव्यांग मतदाता घर बैठे 9 व 10 मई को डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान करेंगे। मतदान के लिए पोलिंग पार्टी गठित करते हुए फार्म 12 डी भरने वालों की सूची उपलब्ध कराई गई है।
एडीएम अर्पित गुप्ता ने बताया कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन में 85 वर्ष से अधिक एवं दिव्यांग मतदाताओं, जिन्होने फार्म-12डी पर डाक मतपत्र के माध्यम से मत देने के लिए आवेदन किया है, उनके घर 9 व 10 मई को टीम पहुंच कर डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान कराएगी। पार्टियों को मतदान के लिए सामग्रियों एवं मतदाताओं की सूची के अनुसार डाक मतपत्र सहायक रिटर्निंग आफिसर देंगे।
बताया कि अनुपस्थित मतदाताओं को डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान कराये जाने के लिए लोकसभा/विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार/टीमवार मतदान कार्मिकों की टीम गठित की गई है। मतदान प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। बताया कि प्रत्येक मतदान पार्टी में अनिवार्य रूप से एक वीडियोग्राफर, दो सशस्त्र पुलिस बल की ड्यूटी लगाने के साथ ही मतदान पार्टी के गांव में पहुंचने पर स्थानीय बीएलओ का उत्तरदायित्व होगा कि मतदान पार्टी को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।