जगदीशपुर (अमेठी)। स्थानीय थाना क्षेत्र के मोहब्बतपुर में चने के खेत में बच्चे के प्रसाधन जाने को लेकर शुरू हुए विवाद में दो पक्ष आपस में भिड़ गए।
मामूली बात को लेकर हुई मारपीट में सात महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी लाया गया जहां छह की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
मोहब्बतपुर गांव निवासी समशुलनिशा का छह वर्षीय पुत्र महक बुधवार शाम गांव के ही कलीम के चने के खेत में प्रसाधन गया था। कलीम को इस बात की जानकारी हुई तो वह शिकायत लेकर समशुलनिशा के घर पहुंचा। यहां दोनों पक्षों में कहा सुनी होने लगी।
बात बढ़ी तो दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच लाठी डंडों से हुई मारपीट में समशुलनिशा, शहरुलनिशा, शहनाज व मुस्कान तथा दूसरे पक्ष के स्वयं कलीम उनकी पत्नी सरवरी जहां और परिवार की अनीशा और नफीसा घायल हो गए।
किसी तरह मामला शांत होने के बाद सभी घायलों को सीएचसी जगदीशपुर लाया गया। यहां पर प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सरवरी, नफीसा और कलीम तथा दूसरे पक्ष की समशुलनिशा, शहरुल निशा को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जगदीशपुर एसएचओ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच रही है।