अमेठी। जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की कोशिश के चलते जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार घट रही है। रविवार देर शाम मिली 1,213 सैंपलों की रिपोर्ट में आठ लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जिले में अब एक्टिव मरीजों की संख्या 104 हो गई है।
जिला प्रशासन को सोमवार देर रात अलग-अलग स्थानों से एकत्र 1,213 सैंपलों की एंटीजन, ट्रूनॉट व आरटीपीसीआर की जांच रिपोर्ट संकलित होकर मिली। रिपोर्ट में आठ लोग पॉजिटिव मिले।
पॉजिटिव मिले लोगों में हसनपुर जमुवारी, अलीपुर, कटरा राजा हिम्मत सिंह, बीएचईएल टाउनशिप, चौधराना के रहने वाले एक-एक तो जायस कस्बे के दो निवासी और जगदीशपुर सीएचसी में कार्यरत एक महिला स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं। रिपोर्ट में 1,205 व्यक्ति निगेटिव पाए गए।
रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने संक्रमित क्षेत्र में गठित टीम को बचाव कार्य शुरू करने के साथ संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान व सैंपलिंग कराने का आदेश दिया है।
डीएम ने बताया कि जिले में अब तक 3,465 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। जिनमें से उपचार के बाद 3,326 सही हो चुके हैं। संक्रमित मरीजों में 35 की मौत हो चुकी है तो वर्तमान में 104 मरीज अस्पताल व होम आइसोलेट रहकर उपचाराधीन हैं।
डीएम ने ठंड में विशेष सतर्कता बरतने की बात कहते हुए जिलावासियों से घर से बाहर निकलने पर मास्क लगाने तथा सोशल डिस्टेंस का पालन करने की अपील की है।