अमेठी सिटी। गौरीगंज ब्लॉक के परिषदीय स्कूल धनीजलालपुर को मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय योजना में उच्चीकृत किया जाना है। ऐसे में कक्षा एक से 12वीं तक की पढ़ाई एक साथ होगी। बेसिक शिक्षा विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। जल्द ही मानक के अनुसार शिक्षण कक्ष, प्रयोगशाला व लाइब्रेरी समेत अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाएगा।
परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ ही बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय योजना चलाई जा रही है। पहले चरण में गौरीगंज ब्लॉक के परिषदीय स्कूल धनीजलालपुर को चयनित किया गया है। स्कूल चयन के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने निदेशालय प्रस्ताव भेजते हुए धन आवंटन की मांग की है।
धन मिलने के बाद स्कूल को आधुनिक व हाईटेक सुविधा दी जाएगी। विभाग का मानना है कि परिषदीय स्कूल में बेहतर सुविधा होने पर लोगों को रुझान परिषदीय स्कूल की तरफ बढ़ेगा। इससे ड्रॉपआउट बच्चों की संख्या शून्य होगी। एक ही परिसर में कक्षा एक में प्रवेश लेने के बाद इंटरमीडिएट तक पढ़ाई करने के लिए स्कूल बदलने की परेशानी से निजात मिलेगी।
इन सुविधाओं का होगा विकास
विद्यालय में स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय, कंप्यूटर, ग्रीन बेल्ट के साथ ही पेयजल, शौचालय, चहारदीवारी, रसोईघर आदि की बेहतर व्यवस्था होगी। स्कूल को हाईटेक संसाधन के साथ खेलकूद समेत अन्य सुविधाओं से लैस करते हुए पंजीकृत विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिलेगी। यही नहीं, आधुनिक कंप्यूटर ज्ञान के साथ स्क्रीन पर शिक्षण कार्य करने की सुविधा मिलेगी।
धनराशि जारी होते ही शुरू होगा कार्य
मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट स्कूल योजना के पहले चरण में मानक पूरा करने वाले परिषदीय स्कूल धनीजलालपुर को उच्चीकृत करने का प्रस्ताव मंजूर हो गया है। धनावंटन की मांग की गई है।
-संजय कुमार तिवारी, बीएसए